ड्रोन से निगरानी और गैस कटर से सेंधमारी: बिठूर पुलिस ने शातिर 'हाई-टेक' चोर गैंग का किया भंडाफोड़
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
बिठूर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर और 'हाई-टेक' चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह चोरी के लिए आधुनिक उपकरणों जैसे ड्रोन कैमरे और गैस कटर का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण, नकदी, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक पुरानी कार भी बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश राजपूत, आकाश राजपूत उर्फ ढिल्ला और सूरज के रूप में हुई है। ये तीनों मूल रूप से मैनपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गैंग चोरी से पहले ड्रोन उड़ाकर मोहल्लों की रेकी करता था। ड्रोन के जरिए वे यह देखते थे कि किस घर की छत खुली है या किस घर में ताला लगा है। इसके बाद रात के समय गैस कटर की मदद से ताले काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने बिठूर क्षेत्र में हाल ही में तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। इसमें 4 नवंबर को हुई एक बड़ी चोरी भी शामिल है, जिसमें करीब 7.5 लाख रुपये नकद और 5.5 लाख रुपये के जेवर चोरी हुए थे। पुलिस ने इनके पास से:भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण
स्मार्ट वॉच और कई मोबाइल फोन
गैस कटर, सब्बल और पेचकस (वारदात में प्रयुक्त औजार) ड्रोन कैमरा और एक सेकंड हैंड कार बरामद किए हैं।
गैंग का सरगना आकाश राजपूत पहले भी कई बार जेल जा चुका है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पिछले 3-4 महीनों में वे अलग-अलग जिलों में लगभग 35 से 40 चोरियां कर चुके हैं। चोरी के पैसों से उन्होंने अपने गांव में पक्के मकान और जमीनें भी खरीदी हैं।
"यह एक पेशेवर और शातिर गिरोह है। इनके पास से हाई-टेक उपकरण बरामद हुए हैं। इनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश के लिए उनके मोबाइल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।"
वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुमार पाण्डेय

0 Comments