पीजी कॉलेज गाजीपुर में नकलचियों पर चला 'हंटर', परीक्षा के दौरान 24 छात्र धराए
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,गाजीपुर
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के दूसरे दिन गुरुवार को स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) में प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। आंतरिक उड़ाका दल की सघन तलाशी के दौरान बी.एड., एलएलबी और बीए की परीक्षाओं में कुल 24 परीक्षार्थियों को अनुचित साधनों (UFM) का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए छात्रों में अधिकांश बिहार के मूल निवासी बताए जा रहे हैं।
तीन सत्रों में हुई बड़ी कार्रवाई
गुरुवार को परीक्षा केंद्र पर सुबह और दोपहर की पालियों में कड़ी निगरानी रखी गई। द्वितीय पाली में आयोजित बी.एड. प्रथम सेमेस्टर (द्वितीय प्रश्न पत्र) की परीक्षा में सर्वाधिक 15 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। इस परीक्षा में कुल 2195 पंजीकृत छात्रों में से 2119 उपस्थित रहे, जबकि 76 ने परीक्षा छोड़ दी।वहीं, सुबह की पाली में एलएलबी की परीक्षा में 6 और बीए की परीक्षा में 3 परीक्षार्थियों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा गया। एलएलबी में 496 पंजीकृत छात्रों में से 411 उपस्थित रहे, जबकि बीए में 604 में से 548 छात्रों ने परीक्षा दी।
शिक्षक भर्ती की होड़ और शॉर्टकट का रास्ता
नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थियों में बिहार के छात्रों की संख्या अधिक होना चर्चा का विषय बना रहा। सूत्रों के अनुसार, बिहार में बड़े पैमाने पर चल रही शिक्षक बहाली प्रक्रिया के कारण वहां के सैकड़ों युवाओं ने उत्तर प्रदेश के स्ववित्त पोषित कॉलेजों में दाखिला लिया है। नकल के भरोसे डिग्री हासिल करने की मंशा पर कॉलेज प्रशासन की मुस्तैदी ने पानी फेर दिया।
पारदर्शिता के साथ समझौता नहीं: प्राचार्य
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की गरिमा और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "सभी कक्षों की सघन जांच की जा रही है। मोबाइल, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध है। पकड़े गए छात्रों के विरुद्ध विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
जांच दल की सक्रियता: छापेमारी दस्ते में प्रो. रविशंकर सिंह, प्रो. वीरेन्द्र कुमार सिंह, प्रो. संजय चतुर्वेदी, प्रो. सुजीत कुमार सिंह, डॉ. योगेश, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. गोपाल यादव और डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव शामिल रहे।
जिला संवाददाता राम प्रवेश राय की रिपोर्ट


0 Comments