जीआरपी कानपुर सेंट्रल की बड़ी सफलता: बलिया से अपहृत मासूम को रेलवे स्टेशन से छुड़ाया, परिजनों को सौंपा
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक सराहनीय कार्य करते हुए बलिया जिले से अपहृत 11 वर्षीय बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसकी बुआ के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी0 एवं अन्य उच्चाधिकारियों के निर्देशन में 'ऑपरेशन मुस्कान' व 'मिशन शक्ति फेज-5' के तहत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह की टीम को प्लेटफार्म संख्या 2/3 के यात्री प्रतीक्षालय में एक बालक रोता हुआ मिला। पूछताछ में बालक ने अपना नाम आकर्ष सोनी (11 वर्ष) पुत्र पंकज सोनी, निवासी रसड़ा, बलिया बताया।
जब जीआरपी ने बालक के परिजनों से संपर्क किया, तो पता चला कि उसके अपहरण के संबंध में जनपद बलिया के थाना रसड़ा में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत है। बच्चा वहां से गायब था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
कानपुर जीआरपी ने तत्काल बच्चे की बुआ प्रियंका (निवासी रावतपुर, कानपुर) को सूचित किया। थाने पहुँची बुआ को बालक सकुशल सौंप दिया गया। अपने जिगर के टुकड़े को वापस पाकर परिजनों ने जीआरपी पुलिस की तत्परता की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें धन्यवाद दिया।
सुरेश राठौर

0 Comments