RPF बैंड की मधुर धुनों से सराबोर हुआ कानपुर सेंट्रल, राष्ट्रीय गीत के पूरे हुए 150 साल
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर उद्घोष और राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज उत्तर मध्य रेलवे के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के बैंड ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से स्टेशन परिसर को देशभक्ति के स्वर से सराबोर कर दिया।
महानिदेशक रेलवे सुरक्षा बल के निर्देशों के अनुपालन में, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (प्रयागराज) विजय प्रकाश पंडित के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कानपुर सेंट्रल के कैंट साइड पोर्टिको में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा ने किया।
कानपुर सेंट्रल पर गूंजी ‘वंदे मातरम’ की धुन, RPF बैंड ने बिखेरे देशभक्ति के रंग
उत्तर मध्य रेलवे के बैंड इंचार्ज लक्ष्मी कांत कुशवाह के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने 'वंदे मातरम' की गौरवशाली धुन के साथ कार्यक्रम का आगाज़ किया। इसके पश्चात एक के बाद एक कई देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसे सुनकर यात्री व वहां मौजूद आम जनमानस भावविभोर हो उठे। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बैंड का उत्साहवर्धन किया।
स्टेशन पर ‘बदलते भारत’ की थीम पर एक विशेष सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और युवाओं में सेल्फी लेने का खासा क्रेज देखा गया। लोगों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को अपने कैमरों में कैद किया।
इस अवसर पर उप मुख्य यातायात प्रबंधक (कानपुर सेंट्रल), सी.ओ. राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), रेलवे के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक (RPF व GRP) समेत भारी संख्या में रेल कर्मचारी और यात्री उपस्थित रहे।
सुरेश राठौर



0 Comments