गंगा पुत्र त्रिदंडी स्वामी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ अनुष्ठान
पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह सहित कई हस्तियों और संतों ने टेका मत्था
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,गाजीपुर
जमानियां तहसील क्षेत्र अंतर्गत सोनहरिया वन स्थित बाबा सिद्धनाथ धाम के पावन प्रांगण में पिछले चार माह से चल रहा ऐतिहासिक श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ पूर्ण विधि-विधान, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के बीच पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। बक्सर वाले गंगा पुत्र पूज्य त्रिदंडी स्वामी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन दूर-दराज से आए लाखों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद आयोजित संत सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्या में पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, पूज्य सतुआ बाबा, राजस्थान के प्रसिद्ध कंबल वाले बाबा सहित कई संतों ने शिरकत की। इसके अलावा भोजपुरी गायक गोलू राजा और गायिका प्रियंका तिवारी सहित कला व राजनीति जगत की प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
स्थानीय स्तर पर इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में भाजपा के वरिष्ठ समाजसेवी राजू राय, महेश राय एवं राजभर समाज के लोगों की भूमिका उल्लेखनीय रही, जिन्होंने बीते चार माह तक निरंतर सेवा भाव से अपना योगदान दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजू राय, महेश राय तथा वरिष्ठ पत्रकार राम प्रवेश राय ने पूज्य त्रिदंडी स्वामी जी महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि सोनहरिया वन की यह तपोभूमि अब जिले ही नहीं, बल्कि देश भर में आध्यात्मिक पटल पर स्थापित हो गई है। यह ऐतिहासिक आयोजन क्षेत्र के श्रद्धालुओं के स्मृति पटल पर सदैव अंकित रहेगा।
वहीं, समापन के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा हवन कुंड के पास की गई अनुचित हरकतों और अव्यवस्था को लेकर आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए इसे निंदनीय बताया।
ब्यूरो चीफ राम प्रवेश राय

0 Comments