राजस्व चोरी की साजिश नाकाम: ₹30 लाख के 185 ग्राम सोने के साथ दो गिरफ्तार, DRI को सौंपी जांच
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोना तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। आरपीएफ पोस्ट जीएमसी और कानपुर सेंट्रल की संयुक्त टीम ने ट्रेन से तस्करी कर लाए जा रहे 185 ग्राम सोने के साथ तस्कर और उसकी डिलीवरी लेने पहुंचे रिसीवर—दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹30 लाख आंकी गई है।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत आरपीएफ टीम को गोविंदपुरी स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। टीम ने ट्रेन संख्या 12987 के कोच संख्या S-2 (बर्थ 68) पर छापेमारी कर बिहार निवासी संजय राम (58 वर्ष, जिला गया) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से संदिग्ध स्वर्ण सामग्री बरामद हुई। आरपीएफ की त्वरित पूछताछ के आधार पर स्टेशन परिसर में ही डिलीवरी लेने आए रिसीवर दीपक (45 वर्ष, निवासी अहिरवां, चकेरी, कानपुर) को भी तत्काल दबोच लिया गया।
स्थानीय सर्राफ से कराए गए वजन में दो अलग-अलग थैलियों से क्रमशः 111.2 ग्राम और 73.8 ग्राम (कुल 185 ग्राम) सोना पाया गया। प्राथमिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सरकारी राजस्व की चोरी के मकसद से इस अवैध सोने की तस्करी और खरीद-फरोख्त में लिप्त थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI), लखनऊ को सूचित किया। डीआरआई अधिकारियों के जीएमसी पोस्ट पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों, बरामद 185 ग्राम सोना और जामा तलाशी के सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु कस्टम/डीआरआई विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
सुरेश राठौर

0 Comments