Hot Posts

6/recent/ticker-posts

कलयुगी बेटे ने सुपारी देकर कराई थी पिता की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा; मास्टरमाइंड पुत्र गिरफ्तार

कर्ज और खौफ में कलयुगी बना बेटा: सट्टे के 40 लाख चुकाने के लिए शूटरों से कराई पिता की हत्या, गिरफ्तार

पत्नी को फंसाने की रची थी साजिश, कड़ाई से पूछताछ में खुला राज 

BBCCRIMETV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

कल्याणपुर थाना क्षेत्र में 5 सितंबर को हुए चर्चित विनीत मिनोचा हत्याकांड का पुलिस कमिश्नरेट ने पर्दाफाश करते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। पिता की हत्या का मुख्य सूत्रधार (मास्टरमाइंड) कोई और नहीं, बल्कि उनका अपना ही बेटा सुब्रत मिनोचा निकला। शातिर बेटे ने पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या की साजिश में अपनी ही पत्नी (मृतक की बहू) का नाम आगे कर दिया था। पुलिस ने आरोपी सुब्रत मिनोचा को गिरफ्तार कर पूरे मामले की परतें खोल दी हैं।  


पुलिस के अनुसार, सुब्रत मिनोचा आईपीएल में सट्टेबाजी, जुए और नशे का आदी था, जिसके चलते उस पर 40 लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो गया था। कर्ज की मासिक किश्त ही करीब 55 हजार रुपये थी, जबकि पिता उसे खर्च के लिए महज 40 हजार रुपये देते थे। आरोपी का आरोप था कि उसके पिता विनीत मिनोचा मेडिकल फर्म की कमाई अय्याशी और अन्य महिलाओं पर उड़ाते थे। 


सुब्रत को यह भय सताने लगा था कि उसके पिता कहीं किसी अन्य महिला से विवाह कर अपनी सारी चल-अचल संपत्ति उसके नाम न कर दें। आर्थिक तंगी और संपत्ति हाथ से जाने के खौफ में आकर उसने पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।  सुब्रत ने अपने पिता की दुकान के पूर्व कर्मचारी विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर (शूटर) के साथ मिलकर हत्या की रूपरेखा तैयार की। फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी विशाल गौतम के जरिए बनवाई गई। योजना के अनुसार शूटरों ने फ्लैट में घुसकर विनीत मिनोचा की हत्या कर दी।  


घटना के बाद पुलिस ने जब शूटरों को मुठभेड़ में दबोचा, तो उन्होंने सुब्रत के कहे अनुसार पहले उसकी पत्नी शालू मिनोचा का नाम लिया ताकि सुब्रत पर शक न जाए। हालांकि, विवेचना के दौरान जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी बनाने वाले के बयान, मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), और डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट की वैज्ञानिक जांच की, तो शालू की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई।  साक्ष्यों में यह साफ हो गया कि हत्या से पहले सुब्रत और विशाल लगातार संपर्क में थे और चाबी बनवाने का खर्च भी सुब्रत ने ही उठाया था। पुलिस ने आरोपी राजकिशोर की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और विशाल की निशानदेही पर डुप्लीकेट चाबी बरामद कर ली है।  कल्याणपुर पुलिस ने षड्यंत्रकारी बेटे सुब्रत मिनोचा को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 

 सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments