Hot Posts

6/recent/ticker-posts

'स्वच्छता ही सेवा’ अभियान: प्रयागराज मंडल में स्टेशनों और ट्रेनों की सफाई पर विशेष जोर, प्लास्टिक मुक्त परिसर का दिया संदेश

स्वच्छता ही सेवा-2026: रेलवे ट्रैक और प्लेटफॉर्म चमके, प्लास्टिक मुक्त स्टेशनों पर जोर

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर /​प्रयागराज

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में मंगलवार को 'स्वच्छता ही सेवा-2026' पखवाड़े के तहत व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक’ थीम पर आधारित इस अभियान के जरिए रेलवे परिसरों, स्टेशनों और ट्रेनों को व्यवस्थित व सुंदर बनाने के लिए अधिकारियों की टीमों ने सघन निरीक्षण किया।अभियान के दौरान मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, नालियों और शौचालयों की विशेष सफाई की गई। स्टेशनों को प्लास्टिक-मुक्त बनाने के लिए यात्रियों और वेंडरों को जागरूक करने के साथ ही सूखे और गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन के इस्तेमाल पर जोर दिया गया। इसके अलावा स्टेशनों पर लगे सौर ऊर्जा उपकरणों की कार्यप्रणाली की भी जांच की गई।


चलती ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से अधिकारियों व पर्यवेक्षकों के दलों ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) वाली ट्रेनों में शौचालयों, कोचों के अंदर-बाहर की सफाई, बेडरोल की गुणवत्ता और पैंट्री कार की स्वच्छता परखी गई। निरीक्षण में मिली कमियों को मौके पर ही दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।रेल प्रशासन ने स्टेशनों के साथ-साथ कार्यालयों में भी ‘क्लीन डेस्क’, डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन और एकल-उपयोग प्लास्टिक पर रोक लगाने की पहल की है। जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का मकसद सिर्फ तात्कालिक सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी से एक स्थायी स्वच्छ माहौल तैयार करना है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें और रेलवे को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments