ऑपरेशन नारकोस': कानपुर सेंट्रल पर 15 लाख का 13.65 किलो गांजा बरामद, सिवान का तस्कर गिरफ्तार
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे स्टेशन परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नारकोस' के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन से 13 किलो 650 ग्राम अवैध गांजे की खेप के साथ एक तस्कर को दबोच लिया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।RPF प्रभारी निरीक्षक एस.एन. पाटीदार और GRP निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में बुधवार को कानपुर सेंट्रल पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कैंट साइड स्थित गेट नंबर 01 और 02 के बीच शौचालय के पास एक युवक ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। जवानों ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के ट्रॉली बैग से टेप से लिपटे हुए 13 गोलाकार पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 13.650 किलोग्राम निकला। पूछताछ में आरोपी की पहचान 36 वर्षीय विनय कुमार शर्मा, निवासी ग्राम रामा छपरा, थाना दुरौंधा, जिला सिवान (बिहार) के रूप में हुई।सुरक्षा बलों ने गांजे की खेप जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और खेप के स्रोत की जांच में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से रेलवे के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले सिंडिकेट को कड़ा संदेश गया है।
सुरेश राठौर

0 Comments