कल्याणपुर में सीएम ग्रिड के अधूरे कार्यों पर ठेकेदार को लगाई फटकार, खुले मैनहोल पर जताई नाराजगी : नगर आयुक्त
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
बरसात के मौसम में जनता को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत कल्याणपुर के बगिया क्रॉसिंग क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि मार्ग के दोनों ओर मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को मौके पर तलब कर कड़ी फटकार लगाई तथा आज ही सारा मलबा व मिट्टी हटाने के निर्देश दिए। काम पूरा होने के बाद जीपीएस युक्त फोटो उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।इसके अलावा, मार्ग के किनारे एक खुला हुआ मैनहोल मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल वहां बैरिकेडिंग कर उसे सुरक्षित करने और जल्द से जल्द कवर लगवाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के पानी में छिपे इस खुले मैनहोल से कोई बड़ा हादसा न हो सके।नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन इलाकों में बारिश का पानी भर गया है, वहां तुरंत मोटर या सक्शन पंप लगाकर जल निकासी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सड़कों के बड़े-बड़े गड्ढे में जीएसबी (ग्रेनुअल सब-बेस) डालकर उनका समतलीकरण कराने को कहा गया ताकि आम जनता का आना-जाना सुगम हो सके।
निरीक्षण के दौरान केशवपुरम डबल रोड के पास कच्ची नाली में भारी गंदगी और कूड़ा मिलने पर उन्होंने जोनल स्वच्छता अधिकारी को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसी तरह, ग्रीन बेल्ट के किनारे फैले कूड़े को भी तत्काल साफ कराकर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, महाप्रबंधक (जलकल), जोनल अधिकारी और जोनल स्वच्छता अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सुरेश राठौर



0 Comments