Hot Posts

6/recent/ticker-posts

नगर निगम में विकास कार्यों की समीक्षा: पार्षदों ने उठाई सफाई, लाइट और सीवर की समस्याएं

नगर आयुक्त से मिलने के लिए मंगलवार दोपहर 12 से 2 बजे का समय तय

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

कानपुर नगर निगम के महापौर कार्यालय में बुधवार को महापौर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में जोन-5 के पार्षदों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी श्रावण मास की तैयारियों का जायजा लेना और क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों व नागरिक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना रहा।बैठक की शुरुआत में महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कल से शुरू हो रहे श्रावण मास को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मंदिरों—जैसे बाबा आनंदेश्वर मंदिर (परमट), बाबा वनखंडेश्वर मंदिर (पी-रोड), नागेश्वर मंदिर (नवाबगंज) और सिद्धनाथ मंदिर (जाजमऊ)—के आसपास अतिक्रमण तुरंत हटवाया जाए। फुटपाथ खाली कराने, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने और मंदिर परिसरों के मार्ग प्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक में जोन-5 के कई वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया:

वार्ड 93 (नवीन पंडित): डीप फ्रीजरों की मरम्मत कराने, गोविंदपुरी पुल की सब्जी मंडी में सफाई दस्ता तैनात करने और चालवा मार्केट में जलभराव के निस्तारण की मांग की।

​वार्ड 72 (वंदना शर्मा): नौरैया खेडा नहर पटरी पर अंधेरा होने, उद्यान विभाग के काम न होने और अतिरिक्त सफाई कर्मियों की आवश्यकता बताई।

​वार्ड 02 (कल्पना) व वार्ड 06 (गुड़िया): स्वीकृत नलकूपों के अब तक चालू न होने और चार महीने पूर्व उद्घाटन किए गए नाले का निर्माण शुरू न होने का मुद्दा उठाया। जिस पर मुख्य अभियंता ने आश्वस्त किया कि नाला संकरी जगह पर है, इसलिए बरसात के तुरंत बाद पानी निकालकर निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।

​वार्ड 55 (अंजुली दीक्षित) व वार्ड 51 (सुधीर यादव): लाइट टीमों की ढिलाई, लंबित फाइलों और शास्त्री चौक से सचान चौराहे के बीच ग्रीनबेल्ट के काम में देरी पर नाराजगी जाहिर की।


अन्य पार्षदों (सरोज चड्ढा, विद्या वर्मा, नित्या बाजपेई, कविता चौहान, आरती त्रिपाठी, अनिल कुमार, देवेंद्र द्विवेदी व नीरज रक्सेल): अपने-अपने वार्डों में सेवानिवृत्त व मृतक सफाई कर्मियों के स्थान पर नई तैनाती, बारातशाला पर अवैध कब्जे, टूटी नालियों, सीवर लाइन और हाईमास्ट लाइटों की खराबी की समस्याएं रखीं।पार्षदों की मांग को देखते हुए नगर आयुक्त ने घोषणा की कि प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक का समय पार्षदों से मुलाकात व उनकी समस्याएं सुनने के लिए आरक्षित रहेगा।

​मुख्य अभियंता ने बताया कि इमरजेंसी प्रकृति के कार्यों की फाइलों का निस्तारण तुरंत कराया जा रहा है। महापौर ने अंत में सभी विभागाध्यक्षों को सख्त हिदायत दी कि पार्षदों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा किया जाए।बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार व जगदीश यादव, महाप्रबंधक जलकल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह गौर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. निरंजन, जोनल अधिकारी (जोन-5) अनुपम त्रिपाठी सहित अभियंत्रण, प्रकाश व उद्यान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments