Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बारिश थमते ही युद्धस्तर पर संवरेंगी शहर की सड़कें: नगर निगम ने 111 विकास कार्यों के टेंडर किए जारी, नगर आयुक्त ने कसी कमर

कागजी औपचारिकताएं पहले ही पूरी करने के निर्देश, मौसम खुलते ही जारी होंगे वर्क ऑर्डर

शहर की अन्य बदहाल सड़कों का भी सर्वे जारी, दो दिन में पेश होगा आगणन

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

मानसून की विदाई के साथ ही शहर की बदहाल सड़कों की सूरत बदलने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। विकास कार्यों में कोई हीलाहवाली न हो, इसके लिए नगर निगम ने 111 विकास कार्यों के टेंडर पहले ही आमंत्रित कर लिए हैं। शनिवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अभियंत्रण विभाग, कार्यदायी संस्थाओं और ठेकेदारों के साथ हाईलेवल बैठक कर स्पष्ट कर दिया कि मौसम खुलते ही एक भी दिन की देरी किए बिना जमीनी स्तर पर काम दिखना चाहिए।


समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के तहत स्वीकृत सभी सड़कों की प्रगति का ब्योरा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों से कार्य शुरू करने की निर्धारित तिथि, मौजूदा स्थिति और काम पूरा करने की डेडलाइन पर बिंदुवार जवाब मांगा। नगर आयुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि शहर की जनता को समय पर राहत मिल सके।मुख्य अभियंता ने बैठक में बताया कि बारिश रुकते ही सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कराने की अग्रिम तैयारी कर ली गई है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को हिदायत दी कि मौसम साफ होने के बाद टेंडर या फाइल की प्रक्रिया के नाम पर कोई काम अटकना नहीं चाहिए। 111 विकास कार्यों की निविदा संबंधी औपचारिकताएं पहले से पूरी रखी जाएं, ताकि बारिश थमते ही सीधे कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) जारी कर मशीनों को सड़क पर उतारा जा सके।


सीएम ग्रिड के अलावा नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर की अन्य टूटी और गड्ढायुक्त सड़कों का भी बड़े पैमाने पर चिन्हांकन चल रहा है। अभियंताओं को इन मार्गों की मरम्मत के लिए जरूरी आगणन (एस्टीमेट) एक-दो दिन के भीतर पेश करने का आदेश दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही तुरंत टेंडर कराकर इन सड़कों पर भी काम शुरू कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा।

सुरेश राठौर 


Post a Comment

0 Comments