प्रयागराज जंक्शन पर शुरुआत, कानपुर सेंट्रल व गोविंदपुरी में भी लगेंगे कियोस्क; रेलवे को हर साल ₹6.50 लाख की कमाई
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,प्रयागराज/कानपुर
ट्रेन से उतरने के बाद गंतव्य तक पहुंचने के लिए अब यात्रियों को स्टेशन के बाहर कैब या ऑटो वालों से मोलभाव करने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के प्रयागराज मंडल ने बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी (अंतिम छोर तक पहुंच) के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 'राइड-हेलिंग कियोस्क' की शुरुआत की है। शनिवार को प्रयागराज जंक्शन पर इस आधुनिक सुविधा का शुभारंभ कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने इस सेवा के संचालन के लिए मेसर्स रोपेन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (रैपिडो) को तीन वर्ष का अनुबंध सौंपा है। इससे न सिर्फ यात्रियों को सुरक्षित व पारदर्शी दरों पर परिवहन मिलेगा, बल्कि रेलवे को भी प्रति वर्ष लगभग 6.50 लाख रुपये का गैर-किराया राजस्व प्राप्त होगा।
यहां मिलेंगी कियोस्क सुविधाएं
प्रयागराज जंक्शन (PRYJ): सिविल लाइंस साइड में 1 कियोस्क
कानपुर सेंट्रल (CNB): घंटाघर साइड में 2 कियोस्क
गोविंदपुरी (GOY): 1 कियोस्क
यात्री इन कियोस्क से सीधे ऑन-द-स्पॉट राइड बुक कर सकेंगे। वहीं, जिन यात्रियों ने ऐप से पहले से राइड बुक कर रखी है, उनके लिए यहां सुरक्षित और व्यवस्थित वेटिंग जोन उपलब्ध रहेगा।
एनसीआर के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन, डीआरएम रजनीश अग्रवाल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के नेतृत्व में इस परियोजना को धरातल पर उतारा गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इस सेवा का विस्तार अलीगढ़, टूंडला, फतेहपुर, सूबेदारगंज, प्रयागराज छिवकी और मिर्जापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी किया जाएगा।
सुरेश राठौर



0 Comments