एडीआरएम ने कानपुर क्षेत्र का किया निरीक्षण, सेंट्रल पुनर्विकास कार्यों की जानी प्रगति
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने बुधवार को कानपुर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अस्पताल और गोविंदपुरी स्टेशन पर व्यवस्थाएं परखीं, साथ ही कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा कर समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
एडीआरएम दीपक कुमार सबसे पहले लोको स्थित उप मंडलीय चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने दवाओं के स्टॉक, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की पड़ताल की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि रेलकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं और उपचार की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।इसके बाद एडीआरएम गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था का मुआयना किया। उन्होंने यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश मातहतों को दिए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में एडीआरएम ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास प्रोजेक्ट का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य करा रही एजेंसियों और रेलवे अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। एडीआरएम ने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और काम में तेजी लाकर इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए।
इस दौरान उप मुख्य यातायात प्रबंधक (कानपुर) आकांशु गोविल सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी, पर्यवेक्षक और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुरेश राठौर



0 Comments