पनकी धाम में यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्धता और गुणवत्ता के दिए निर्देश
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को कानपुर परिक्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानपुर सेंट्रल पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, पनकी धाम में यात्री सुविधाओं और जीएमसी क्षेत्र में प्रस्तावित नए स्टेशन स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य यातायात प्रबंधक (कानपुर) अकांशु गोविल सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डीआरएम सबसे पहले कानपुर सेंट्रल पहुंचे, जहां स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने यात्री आवागमन, स्टेशन परिसर की स्वच्छता और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था और रेल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
इसके बाद डीआरएम ने पनकी धाम स्टेशन का दौरा कर वहां यात्रियों से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जरूरी सुधार तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए।दौरे के अंतिम चरण में डीआरएम ने जीएमसी क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां नए रेलवे स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव है। उन्होंने प्रस्तावित स्टेशन स्थल की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध भूमि और तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित स्टेशन से जुड़ी योजनाओं को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि रेल विकास कार्यों में संरक्षा, सुरक्षा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सुरेश राठौर


0 Comments