'ऑपरेशन सतर्क' के तहत कार्यवाही ; तीन पिट्ठू बैगों में भरकर बिहार ले जा रहा था 36 बोतल विदेशी शराब
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल अंतर्गत गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत की गई इस कार्रवाई में टीम ने 1 लाख रुपये मूल्य की 27 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
शनिवार को चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हावड़ा छोर के पास एक संदिग्ध युवक तीन भारी बैगों के साथ दिखाई दिया। सुरक्षाबलों ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तो बैगों के भीतर से 36 बोतल प्रीमियम ब्रांड की अंग्रेजी शराब (25 बोतल रॉयल स्टैग और 11 बोतल सिग्नेचर व्हिस्की) बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार के सहरसा (थाना सलखुआ) निवासी पांडव कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह शराब की यह खेप ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में था, जहां शराबबंदी के चलते इसे ऊंचे दामों पर बेचा जाना था।
जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट कमांडर सुशील कुमार वर्मा, उप निरीक्षक मुक्तेश्वर प्रसाद मिश्र, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र कुशवाहा, कांस्टेबल रिंकू, दिगंबर सिंह, मनीष कुमार तथा जीआरपी गोविंदपुरी से उप निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह व हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार शामिल रहे।
सुरेश राठौर

0 Comments