Hot Posts

6/recent/ticker-posts

कागजों में जाममुक्त शहर, जमीन पर ‘महाजाम’: नयागंज मेट्रो स्टेशन और सागर मार्केट पर अवैध ठेलों का पक्का डेरा

कानपुर: नगर निगम के अभियानों को ठेंगा, सागर मार्केट और नयागंज मेट्रो स्टेशन के बाहर बेखौफ अतिक्रमण से हाहाकार

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

शहर को जाममुक्त बनाने के लिए नगर निगम, महापौर और नगर आयुक्त के कड़े निर्देशों पर मातहत अधिकारी और प्रवर्तन दल पानी फेरते नजर आ रहे हैं। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र सागर मार्केट के बाहर और नयागंज मेट्रो स्टेशन के आसपास अतिक्रमण हटाओ अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आलम यह है कि बेहिसाब अवैध कब्जों और बेतरतीब पार्किंग के चलते मुख्य मार्ग पूरी तरह चोक हो चुका है, जिससे आम राहगीरों, मेट्रो यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों का जीना मुहाल हो गया है।

                         #वायरल वीडियो 
आधी सड़क पर अवैध पार्किंग, पैदल चलना भी हुआ दूभर

सागर मार्केट के मुख्य द्वार और संपर्क मार्गों पर आड़े-तिरछे खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहन आधी से अधिक सड़क को अपनी जद में ले लेते हैं। वहीं दूसरी ओर, नयागंज मेट्रो स्टेशन के ठीक अगल-बगल रेहड़ी, ठेले और पटरी दुकानदारों ने सड़क और फुटपाथ पर पक्का डेरा जमा लिया है। मेट्रो से उतरने वाले यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलते ही जाम के झाम और धक्के-मुक्कों का सामना करना पड़ता है। ग्राहकों और राहगीरों के लिए सुरक्षित पैदल निकलना भी चुनौती बन गया है।

                             #वायरल वीडियो 
​लापरवाही पर उठ रहे सवाल

​अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित: जमीनी हकीकत यह है कि नगर निगम का प्रवर्तन दस्ता केवल चुनिंदा मुख्य चौराहों पर खानापूरी कर लौट जाता है, जबकि इस बेहद संकरे और व्यस्त बाजार की लगातार अनदेखी की जा रही है।


दिनभर एंबुलेंस और जरूरी वाहन भी फंसते हैं: सागर मार्केट और नयागंज क्षेत्र में सुबह से लेकर देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे आपातकालीन सेवाओं का निकलना भी मुश्किल हो जाता है।



बेतरतीब खड़े वाहनों और बीच सड़क पर सजी दुकानों के कारण दिनभर छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।​स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और मेट्रो यात्रियों ने नगर निगम प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के उच्चाधिकारियों से तत्काल कड़ा संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर निगम और यातायात पुलिस संयुक्त टीम बनाकर क्षेत्र में तत्काल सख्त कार्रवाई करे। सड़क घेरकर खड़े वाहनों के चालान काटने के साथ उन्हें क्रेन से जब्त किया जाए और सड़क व फुटपाथ को ठेले-खोमचों से पूरी तरह मुक्त कराया जाए, ताकि जनता को इस रोज-रोज के मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से राहत मिल सके।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments