BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कानपुर सेंट्रल ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत मुस्तैदी दिखाते हुए घर से नाराज होकर निकली दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। दोनों किशोरियां बिना परिजनों को बताए ट्रेन से झारखंड जाने की योजना बना रही थीं।
प्रयागराज मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलते ही कानपुर सेंट्रल पर आरपीएफ और 'मेरी सहेली' की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही टीम ने दोनों लड़कियों को अपनी सुरक्षा में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान 14 वर्षीय शिवांजलि और 13 वर्षीय रेशमा (बदले हुए नाम) के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि वे घरेलू नाराजगी के चलते घर छोड़कर जा रही थीं।
आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन को इस मामले की जानकारी दी। कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बालिकाओं को सुरक्षित पुनर्वास और काउंसलिंग के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया है। अब उन्हें बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), कल्याणपुर के समक्ष प्रस्तुत कर परिजनों से मिलाने की अग्रिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आरपीएफ की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से दोनों बच्चियां किसी संभावित अनहोनी का शिकार होने से बच गईं।
सुरेश राठौर

0 Comments