पर्सनल आईडी से रेल टिकट बेचने वाले कैफे संचालक पर आरपीएफ का एक्शन, एक गिरफ्तार
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध टिकट कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ पोस्ट जीएमसी और डिटेक्टिव विंग (कानपुर सेंट्रल) की संयुक्त टीम ने बर्रा-2 स्थित एक जनसेवा केंद्र पर छापा मारकर पर्सनल यूजर आईडी से टिकट बनाकर बेचने वाले संचालक को रंगे हाथों दबोच लिया।
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बर्रा-2 सब्जी मंडी रोड स्थित 'शिवा इंटरनेट कैफे एंड जनसेवा केन्द्र' पर व्यक्तिगत आईडी का दुरुपयोग कर अवैध रूप से रेल टिकट तैयार किए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने केंद्र पर औचक छापेमारी की।
दुकान संचालक के पास से भविष्य की यात्रा के 3 ई-टिकट (मूल्य ₹1,798.55) और पिछली यात्रा का 1 ई-टिकट (मूल्य ₹372.70) बरामद हुआ। इसके अलावा मौके से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और ₹670 नकद भी जब्त किए गए।
पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवा यादव (22 वर्ष), निवासी अजौली शिवराजपुर (कानपुर नगर) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को ₹10,000 के निजी मुचलके और जमानत पर रिहा कर दिया गया है; आगामी अदालती कार्रवाई के लिए उसे नोटिस जारी किया जाएगा।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी अनधिकृत एजेंट या व्यक्तिगत आईडी से टिकट न खरीदें और केवल आधिकारिक माध्यमों का ही इस्तेमाल करें।
सुरेश राठौर

0 Comments