मिशन शक्ति और ई-सम्मन पर जोर: अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ने परखी थानों की कार्यशैली
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में रविवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और अवैध हथियारों व मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने महिला अपराधों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई करने के साथ-साथ साइबर अपराध नियंत्रण और आईजीआरएस (IGRS) पर प्राप्त जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तय समयसीमा में करने पर जोर दिया।
आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर शहर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने विसर्जन स्थलों की ड्रोन व कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुगम यातायात व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा।सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं और फेक न्यूज के प्रसार को रोकने के लिए विशेष निगरानी सेल को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह का तथ्यों के साथ तत्काल खंडन किया जाए और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में 'मिशन शक्ति' अभियान की प्रगति, ई-सम्मन की तामीली, पुलिसिंग ऐप्स के उपयोग और निरोधात्मक कार्यवाहियों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) संकल्प शर्मा सहित सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
सुरेश राठौर



0 Comments