समृद्धि मिश्रा बनीं न्यायाधीश और वेदिका मिश्रा ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
मेस्टन रोड स्थित बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन बालिका इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्रा मंत्रिपरिषद शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने नवनिर्वाचित न्यायाधीश समृद्धि मिश्रा और प्रधानमंत्री वेदिका मिश्रा सहित छात्रा संसद के समस्त मनोनीत सांसदों को कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से दायित्व निर्वहन की शपथ दिलाई तथा दायित्व बैज प्रदान किए। छात्राओं को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में छात्रा संसद जैसी लोकतांत्रिक संस्थाओं की महती भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण कर देश की प्रगति में योगदान देने और सदैव शिक्षकों का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्ति को अपने कार्यों पर कभी अभिमान नहीं करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड) नीतू सिंह ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन हमें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। प्रत्येक छात्रा को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रमाकान्त मिश्र ने कहा कि मनुष्य तभी आगे बढ़ता है जब वह अपने कार्यों के प्रति दृढ़ संकल्पित हो। जीवन में सफलता के लिए विनम्रता और सहनशीलता आवश्यक है, जो विद्यार्जन से ही संभव है। गुरु ज्ञान का अक्षय भंडार हैं, अतः उनका सदैव आदर करना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू शुक्ला ने मुख्य अतिथि एवं अन्य मंचासीन अतिथियों का स्वागत, परिचय कराते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। छात्रा विधि साहू ने प्रेरणादायी शपथ गीत 'शपथ लेना तो सरल है, पर निभाना ही कठिन है...' प्रस्तुत कर सभी को कर्तव्यों का बोध कराया। कार्यक्रम का संचालन आस्था द्विवेदी ने किया तथा आभार ज्ञापन छात्रा प्रधानमंत्री वेदिका मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्याम अरोड़ा, कमल किशोर गुप्त, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
सुरेश राठौर




0 Comments