नगर आयुक्त के निर्देश पर कार्यवाही : नारामऊ में नाले पर बने पक्के निर्माण ढहाए, राहगीरों को जाम से मिली राहत
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को कब्जामुक्त कराने के लिए नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। नगर आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने वार्ड-20 के नारामऊ क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बीएसएनएल कार्यालय से लेकर इंदिरानगर मोड़ होते हुए जीटी रोड तक नाले और सड़कों पर काबिज 10 पक्के और 12 अस्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे कर अधीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि नाले और मुख्य मार्ग पर अवैध निर्माण के चलते जल निकासी बाधित हो रही थी और राहगीरों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए प्रचार पैनल और होर्डिंग्स को भी उतरवाकर जब्त कर लिया। इस मौके पर सहायक अभियंता तोता राम, राजस्व निरीक्षक अवधेश वर्मा समेत जोनल दस्ता और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि खाली कराई गई जमीन पर दोबारा अतिक्रमण मिला तो सीधे जब्तीकरण और विधिक कार्रवाई होगी। क्षेत्र में दोबारा अवैध कब्जे रोकने के लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
सुरेश राठौर


0 Comments