Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सेंटर पार्क की बदहाली पर फूटा दर्शन पुरवा वासियों का गुस्सा, धरने पर बैठे सैकड़ों लोग

प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम;कार्यवाही न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

दर्शन पुरवा स्थित सेंटर पार्क (पूर्व जिमखाना ग्राउंड) की प्रशासनिक उपेक्षा और खस्ताहाली को लेकर रविवार को क्षेत्रीय जनता का आक्रोश सड़कों पर आ गया। पार्क की दुर्दशा से त्रस्त सैकड़ों स्थानीय नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्क परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम व संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।


धरने का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता व गोविंद नगर (212) के पूर्व प्रत्याशी योगेन्द्र अग्निहोत्री ने जनप्रतिनिधियों और नगर निगम प्रशासन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पार्क आज प्रशासनिक लापरवाही के चलते सीवर के गंदे पानी और टूटी दीवारों का अड्डा बनकर रह गया है। पार्क में फैली गंदगी और जलभराव के कारण बच्चे खेल नहीं पा रहे हैं और बुजुर्गों का सुबह-शाम टहलना दूभर हो गया है। कई बार शिकायती पत्र देने के बावजूद अधिकारी कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


​'दर्शन पुरवा सेंटर पार्क बचाओ समिति' के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। समिति का उद्देश्य केवल इतना है कि पार्क को दोबारा साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि जनता सुकून के दो पल बिता सके।

​क्षेत्रवासियों की मुख्य मांगें:

​पार्क की टूटी चहारदीवारी और परिसर की तत्काल मरम्मत कराई जाए।

​सीवर ओवरफ्लो की समस्या का स्थाई समाधान कर जलजमाव रोका जाए।

​बच्चों के खेलने के उपकरण और बुजुर्गों के लिए वॉकवे दुरुस्त किया जाए।

​संबंधित विभाग निश्चित समयसीमा तय कर जीर्णोद्धार की कार्ययोजना सार्वजनिक करे।

​प्रदर्शनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ, तो क्षेत्रवासी व्यापक स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

​प्रदर्शन के दौरान अवनीश सलूजा, रवि मिश्रा, अजय त्रिपाठी, नीरज त्रिपाठी, राजकुमार मिश्रा, प्रकाश जायसवाल, राम प्रकाश शर्मा, वरुण जायसवाल, दिनेश सिंह, रोहित बाजपेई, राजेश सविता, बब्बे भाई, राम प्रकाश गुप्ता, संजय श्रीवास्तव और आशु खान सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments