उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
शुक्रवार को जलकल मुख्यालय में राजस्व वसूली को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महापौर ने जलकल अधिकारियों के साथ राजस्व वसूली के संबंध में चर्चा की। महाप्रबंधक जलकल आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विगत वर्ष 2024-25 में जलकल की राजस्व वसूली ₹145 करोड़ थी, जिसमें अन्य स्रोतों से आय मिलाकर कुल ₹200 करोड़ की राजस्व वसूली हुई थी। इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व वसूली का लक्ष्य ₹175 करोड़ रखा गया है। महापौर ने वर्षा ऋतु से पूर्व सीवर सफाई के संबंध में पूछे जाने पर जोनल अभियंताओं ने अपने-अपने जोन में कराई गई सीवर सफाई की जानकारी दी। जोन-1 में 450 मीटर, जोन-2 में 10 किमी, जोन-3 में विभिन्न वार्डों में सीवर सफाई कार्य कराया गया है। महापौर ने निर्देशित किया कि वार्ड-88 में सम्पवेल बंद रहने संबंधी शिकायत की जांच कराकर संबंधित संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने जलकल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सम्पवेल में सीसीटीवी लगाने का भी निर्देश दिया। महापौर ने मोतीझील गेस्ट हाउस और उपाध्यक्ष, कानपुर विकास प्राधिकरण के आवास के बाहर सीवर भराव के निस्तारण के लिए नई सीवर लाइन डालने के लिए प्रस्ताव करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक जलकल ने बताया कि अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार और पीके सिंह शासन से पदोन्नत होकर महाप्रबंधक जलकल हो गए हैं। महापौर ने उन्हें उज्जवल भविष्य की बधाई दी।
सुरेश राठौर
0 Comments