कानपुर सेंट्रल पहुंचे प्रयागराज डीआरएम: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांची, खानपान स्टॉलों पर स्वच्छता के दिए निर्देश
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
प्रयागराज मंडल के मण्डल रेल प्रबन्धक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। 'स्टेशन पुनर्विकास योजना' के तहत विश्वस्तरीय रूप में संवारे जा रहे कानपुर सेंट्रल पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का उन्होंने बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को सभी विकास कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्रवेश व निकास द्वारों, यात्री आवागमन क्षेत्रों और निर्माणाधीन ढांचों की स्थिति देखी। उन्होंने खानपान स्टॉलों का भी औचक मुआयना कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रेट लिस्ट और साफ-सफाई की पड़ताल की। डीआरएम ने दो टूक कहा कि यात्रियों को मिलने वाले खानपान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
इसके बाद डीआरएम मेमू कार शेड और ओल्ड वॉशिंग लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने कोचों के रख-रखाव, साफ-सफाई और परिचालन व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कार्यस्थल पर संरक्षा नियमों के शत-प्रतिशत पालन पर जोर दिया।अगले चरण में डीआरएम ने पनकी धाम स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष में जाकर संचालन रजिस्टरों, संरक्षा उपकरणों और परिचालन रिकॉर्ड्स की गहन जांच की। डीआरएम ने कहा कि यात्री सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
इस दौरान उप मुख्य यातायात प्रबन्धक (कानपुर) आकांशु गोविल, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक हरिमोहन, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर (पंचम) अभिषेक तोमर सहित रेलवे के कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
सुरेश राठौर




0 Comments