उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
नगर आयुक्त ने आज शहर की सफाई व्यवस्था, नाला सफाई कार्य और फुटसल ग्राउंड तथा सी.एम. ग्रिड योजना के अंतर्गत बन रही सड़क का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम फजलंगंज कूड़ा अड्डे के पास हो रही नाली सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। मौके पर नालियों में प्लास्टिक जमा पाई गई, इस पर जोनल अधिकारी-5 को फटकार लगाई गई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। विजय नगर चौराहे के पास रफाका नाले पर चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फॉसी मशीन के माध्यम से नाला साफ होता पाया गया। निर्देशित किया गया कि चौराहे के नीचे की सतह वाले भाग को विशेष रूप से साफ किया जाए, एवं सफाई कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान मुख्य अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि चौराहे के बगल में मछली मंडी स्थित होने के कारण ये लोग गंदा वेस्ट नाले में ही डाल देते हैं, जिससे एक ओर सफाई कार्य बाधित होता है, वहीं दूसरी ओर आस-पास का वातावरण भी प्रदूषित होता है। इस पर निर्देश दिए गए कि यहां से मछली मंडी को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
इसी कड़ी में पनकी में निर्माणाधीन फुटसल ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा, "फुटसल ग्राउंड शहर के युवाओं के लिए एक अच्छा खेल मैदान है। हमें इसे और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान करनी होंगी।" मौके पर कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। ग्राउंड पर लगे फ्रेम को और मजबूत कराने के निर्देश दिए गए। फुटसल ग्राउंड की लागत पर भी तकनीकी रूप से प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बर्रा बाईपास चौराहे पर पुलिस चौकी के पीछे काफी मात्रा में कूड़ा एकत्रित पाया गया, इस पर नगर आयुक्त महोदय द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित जोनल स्वच्छता अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए। बर्रा बाईपास से कर्रही की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जगह-जगह दोनों साइड कूड़ा पड़ा पाया गया, इस पर अप्रसन्नता व्यक्त की गई। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना सी.एम. ग्रिड के तहत सड़क पर बन रहे सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्तापरक ढंग से कराने के लिए मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया गया और कार्य का जायजा लिया गया। मौके पर रोड के किनारे यूटिलिटी डक्ट का निर्माण हुआ पाया गया। कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई गई। इस दौरान निम्नांकित निर्देश दिए गए: वर्षा ऋतु से पूर्व ग्रीन बेल्ट का निर्माण कार्य कर पौधारोपण अवश्य करा लिया जाए। सीवर लाइन डालने के दौरान यह सुनिश्चित कराया जाए कि रोड में आने वाले समस्त घरों में सीवर संयोजन अवश्य रूप से किया जाए। निर्धारित सेक्शन में एंड टू एंड रोड का निर्माण सुनिश्चित हो। कार्य के दौरान सुरक्षात्मक उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सुरेश राठौर
0 Comments