माघ मेले के स्नान और बड़ी परीक्षाओं को लेकर अलर्ट पर रेलवे, डीआरएम ने खुद संभाली कमान
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) रजनीश अग्रवाल ने गुरुवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति जांची और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत प्लेटफॉर्म नंबर एक से हुई, जिसके बाद डीआरएम ने सिटी साइड तक का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर रणनीति बनाने पर जोर दिया। डीआरएम ने कहा कि शहर में बड़ी परीक्षाओं के कारण भारी संख्या में परीक्षार्थियों का आगमन होगा। उनके सुगम आवागमन के लिए ट्रेन आने के समय उन्हें व्यवस्थित ढंग से प्लेटफॉर्म तक ले जाने और स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए हैं।
माघ मेले के आगामी दो प्रमुख स्नानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। डीआरएम ने अधिकारियों के साथ रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। निरीक्षण के उपरांत वीआईपी लॉज में हुई बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री सुविधाओं और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रयागराज आरपीएफ कमांडर विजय प्रकाश पंडित, स्टेशन डायरेक्टर आशुतोष सिंह, स्टेशन मास्टर अवधेश त्रिवेदी और आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा सहित अन्य रेल अधिकारी मौजूद रहे।
सुरेश राठौर



0 Comments