कानपुर सेंट्रल पर 14 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को हैरिसगंज पुल के पास घेराबंदी कर टीम ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है । इनके पास से 28.623 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एस.एन. पाटीदार और जीआरपी इंस्पेक्टर ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान हैरिसगंज पुल के पास पीठ पर बैग लादे दो युवक संदिग्ध दिखे। पुलिस को देख वे भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से टेप से सील किए हुए 22 बंडल मिले, जिनमें गांजा भरा था।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान गौतम राय (निवासी पटना, बिहार) और महेश अहिरवार (निवासी टीकमगढ़, मध्य प्रदेश) के रूप में बताई है। तस्करों ने कुबूल किया कि वे ओडिशा के भुवनेश्वर से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर लाए थे और इसे कानपुर व आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।
आरपीएफ के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले अन्य नेटवर्क की भी तलाश की जा रही है।
सुरेश राठौर

0 Comments