जीआरपी और आरपीएफ ने तस्कर के मंसूबों पर फेरा पानी
बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही अवैध शराब बरामद, बेगूसराय का तस्कर गिरफ्तार
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे स्टेशन पर अवांछनीय तत्वों और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में आरपीएफ और जीआरपी कानपुर सेंट्रल की संयुक्त टीम को सफलता हाथ लगी है। टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 10 के पास से एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर आरपीएफ एन.एन. पाटीदार और इंस्पेक्टर जीआरपी ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम ने हैरिसगंज पुल (प्लेटफार्म 10) के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से रॉयल स्टैग की 12 बोतलें और ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की के 96 टेट्रा पैक बरामद हुए। बरामद शराब की कुल मात्रा 26,280 मि.ली. है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹50,000 आंकी गई है।
पकड़े गए अभियुक्त ने अपना नाम राम कुमार, निवासी बेगूसराय (बिहार) बताया। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह कानपुर से कम दाम में शराब खरीदकर ट्रेनों के जरिए बिहार ले जाता था। बिहार में शराबबंदी के कारण वह वहां ऊंचे दामों पर शराब बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था।
रेलवे पुलिस के अनुसार, तस्करों ने रेलवे को सुगम साधन मान रखा है, जिसे देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी आपसी समन्वय से पैनी नजर रख रही है। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
सुरेश राठौर

0 Comments