सावधान! भीख मंगवाने के लिए कानपुर स्टेशन से उठाई 2 साल की बच्ची, पुलिस की मुस्तैदी से 8 घंटे में मिली नई जिंदगी
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
RPF और Gकी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रेलवे स्टेशन से अगवा की गई 2 वर्षीय मासूम बच्ची को मात्र 8 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो बच्ची को भिक्षावृत्ति (भीख मंगवाने) के इरादे से ले गया था।
घटना 23 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के दिल्ली एफओबी (FOB) के पास से राजेश पाण्डेय निवासी कानपुर देहात की 2 वर्षीय पुत्री नीलू (बदला हुआ नाम) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। बच्ची अपनी मां और छोटे भाई के साथ सो रही थी, तभी मौका पाकर आरोपी उसे उठाकर रफूचक्कर हो गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आर पी एफ प्रभारी एस एन पाटीदार ने तत्काल टीमों का गठन किया।
पुलिस ने स्टेशन के आसपास और कंट्रोल रूम के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सघन तलाशी अभियान के दौरान 24 फरवरी की सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस टीम ने हैरिशगंज पुल के नीचे एक जर्जर अहाते से आरोपी को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान राजू धीमर (50 वर्ष) निवासी जालौन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अलग-अलग जिलों में भीख मांगकर गुजारा करता है। उसने मासूम का अपहरण इसलिए किया था ताकि वह उसे किसी अन्य क्षेत्र में ले जाकर उससे भीख मंगवा सके। गिरफ्तारी के वक्त वह दिल्ली जाने वाली ट्रेन के इंतजार में आउटर पर छिपा बैठा था।
टीम में जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार और उनकी संयुक्त टीमें शामिल रहीं। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
सुरेश राठौर



0 Comments