कल्याणपुर में ऑटो में छूटा था दिल्ली निवासी का बैग, सीसीटीवी की मदद से चालक तक पहुंची पुलिस
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
शहर की पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और ईमानदारी की मिसाल पेश की है। दिल्ली से अपने पैतृक गांव जा रहे एक यात्री का गहनों और नकदी से भरा बैग, जो गलती से ऑटो में छूट गया था, पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बैग में करीब 15 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण और 80 हजार रुपये की नकदी मौजूद थी।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सरिता विहार निवासी हरेश कुमार मिश्रा मूल रूप से रसूलाबाद (कानपुर देहात) के रहने वाले हैं। बीते 24 फरवरी को वह श्रम शक्ति एक्सप्रेस से कानपुर पहुंचे थे। वहां से अपनी बेटी का इलाज कराने सिविल लाइंस गए और फिर ऑटो के जरिए कल्याणपुर क्रॉसिंग पहुंचे। जल्दबाजी में उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही रह गया, जिसे लेकर चालक आगे निकल गया।
बैग गायब होने की सूचना मिलते ही इंदिरा नगर चौकी पुलिस अलर्ट हो गई। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह और उनकी टीम ने तुरंत इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर संबंधित ऑटो की पहचान कर ली और चालक से संपर्क साधकर बैग बरामद कर लिया।
बैग में एक सोने का हार, तीन चेन, मंगलसूत्र, झुमकी, नौ अंगूठियां, मांग बेदी, लॉकेट, 80 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज (आधार, पैन, एटीएम कार्ड) मौजूद थे। सामान सुरक्षित पाकर हरेश कुमार और उनके परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
सुरेश राठौर


0 Comments