ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते: कानपुर सेंट्रल पर रोती मिली नाबालिग, खुला अपहरण का मामला
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कानपुर सेंट्रल की टीम ने रविवार को तत्परता दिखाते हुए एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। किशोरी के संबंध में मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के थाना जुझार नगर में अपहरण का मुकदमा दर्ज था। कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, आरपीएफ ने किशोरी को परिजनों और एमपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार (15 मार्च) को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दिल्ली छोर के FOB (ओवरब्रिज) के पास ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल मिथलेश की नजर एक अकेली और डरी हुई किशोरी पर पड़ी। किशोरी की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल आरपीएफ पोस्ट लाया गया। पूछताछ में किशोरी ने अपना नाम रश्मि (15 वर्ष), {काल्पनिक नाम} निवासी बम्होरी पुरवा, छतरपुर (म.प्र.) बताया।
आरपीएफ ने जब किशोरी द्वारा बताए गए पते पर संपर्क किया, तो पता चला कि उसके विरुद्ध थाना जुझार नगर में धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 0054/26 पंजीकृत है। परिजनों ने बताया कि वह 12 मार्च से लापता थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
सूचना मिलते ही छतरपुर से ASI विनोद सिंह परिजनों के साथ कानपुर सेंट्रल पहुंचे। रविवार दोपहर करीब 2:40 बजे आरपीएफ की ASI सुनीता ने महिला स्टाफ की उपस्थिति में किशोरी को उसके पिता आशाराम और भाई के सुपुर्द किया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने आरपीएफ टीम का आभार व्यक्त किया। किशोरी को लेकर पुलिस टीम वापस छतरपुर के लिए रवाना हो गई है, जहाँ आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
सुरेश राठौर

0 Comments