BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। दोनों बलों की साझा चेकिंग के दौरान एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7,000 रुपये नकद और सोने/पीली धातु की कान की बाली बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये है।
रेलवे में बढ़ रही चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी थाना प्रभारी ओमनारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में साझा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 09 के बाहर सिटी साइड अंडरपास के पास संदिग्ध स्थिति में घूम रहे एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी के 7,000 रुपये नकद (200 रुपये के 20 नोट और 500 रुपये के 6 नोट) और कान की बाली बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज नारायण सिंह उर्फ नत्थू (47), निवासी ग्राम व पोस्ट रायपट्टी, थाना अमानीगंज, जिला अयोध्या के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह जीआरपी और आरपीएफ की नजरों से बचकर स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और आउटर क्षेत्रों में यात्रियों के कीमती सामान, जेवर और रुपयों पर हाथ साफ करता था। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने में एनडीपीएस एक्ट, चोरी और छिनैती के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। जीआरपी और आरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम में जीआरपी से उप-निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह, शिव बाबू यादव, नीरज कुशवाहा, मोहित कुमार और आरपीएफ से असलम खान, सीपी सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे।
सुरेश राठौर

0 Comments