त्योहारों पर आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी: डीसीपी पश्चिम
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
आगामी नवरात्रि पर्व और शोभा यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने क्षेत्र के धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों के साथ बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपसी भाईचारे को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
डीसीपी पश्चिम ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि और शोभा यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने धर्मगुरुओं और आयोजकों से अपील की कि वे अपने अनुयायियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि उत्सव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बैठक के दौरान शोभा यात्रा के मार्गों और समय सारणी की समीक्षा की गई। डीसीपी ने कड़े निर्देश दिए कि सभी शोभा यात्राएं केवल पूर्व-निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाली जाएं।आयोजन के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए आयोजक पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेंगे। किसी भी नई परंपरा या बिना अनुमति के मार्ग परिवर्तन की स्वीकृति नहीं दी जाएगी।सोशल मीडिया की निगरानी पर जोर देते हुए अधिकारी ने आगाह किया कि भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सुरेश राठौर



0 Comments