कानपुर सेंट्रल: 'ऑपरेशन मातृशक्ति' के तहत RPF की 'मेरी सहेली' टीम ने बचाई दो जानें
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
मानवता और सेवा का परिचय देते हुए कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ (RPF) की 'मेरी सहेली' टीम ने एक गर्भवती महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराकर जच्चा-बच्चा की जान बचाई। 'ऑपरेशन मातृशक्ति' के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई की यात्री और महिला के परिजनों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
सोमवार (13 अप्रैल) को गाड़ी संख्या 12368 (विक्रमशिला एक्सप्रेस) जैसे ही कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, सूचना मिली कि कोच में सवार एक महिला यात्री को असहनीय प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) हो रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल से 'मेरी सहेली' टीम की महिला कांस्टेबल रश्मि सचान और विनीता तत्काल मौके पर पहुंचीं।
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए आरपीएफ स्टाफ ने मधुराज हॉस्पिटल के डॉक्टर विवेक और उनकी टीम को मौके पर बुलाया। महिला को तुरंत स्ट्रेचर के जरिए प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थित चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। दर्द अत्यधिक होने के कारण डॉक्टर और आरपीएफ महिला स्टाफ के सहयोग से वहीं सुरक्षित डिलीवरी कराई गई। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
प्रसूता की पहचान सीता देवी (27 वर्ष), पत्नी मुन्ना रविदास, निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है। डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर देखभाल के लिए डॉक्टर ने उन्हें एम्बुलेंस के जरिए उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया।
"जब हमें सूचना मिली तो महिला बहुत दर्द में थी। हमारी प्राथमिकता उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना था। जच्चा-बच्चा को स्वस्थ देखकर हमें अपनी ड्यूटी पर गर्व महसूस हो रहा है।"
सुरेश राठौर

0 Comments