कानपुर सेंट्रल आरपीएफ की कार्रवाई, लखनऊ के वजीरगंज से दबोचा गया आरोपी
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कानपुर सेंट्रल की टीम ने सफलता हासिल करते हुए 29 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रेलवे अधिनियम के तहत दर्ज एक पुराने मामले में वांछित था और करीब तीन दशकों से अपनी पहचान छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 1997 में आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल में आरोपी राजू पुत्र पी.एन. वर्मा के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 134/1997, धारा 143 रेलवे एक्ट (टिकटों का अवैध कारोबार) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद माननीय न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था।
आरपीएफ प्रभारी के निर्देश पर पुराने लंबित वारंटों की तामीली के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान स.उ.नि. हरपाल सिंह यादव और उनकी टीम को आरोपी के लखनऊ में होने की गुप्त सूचना मिली। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लखनऊ के थाना वजीरगंज क्षेत्र स्थित आरोपी के वर्तमान निवास पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि आरोपी राजू पिछले 29 वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। सोमवार (13 अप्रैल) को उसे गिरफ्तार कर कानपुर लाया गया। कानूनी औपचारिकताओं के बाद अभियुक्त को प्रयागराज स्थित माननीय रेलवे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। आरपीएफ की इस कामयाबी को लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सुरेश राठौर

0 Comments