उत्तरप्रदेश, कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कानपुर सेंट्रल की टीम ने शुक्रवार को तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुए दो मासूम बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पकड़े गए बच्चों में अलीगढ़ की एक बालिका और बनारस का एक बालक शामिल है। आरपीएफ ने कानूनी कार्यवाही के बाद दोनों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया है।
शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे आरपीएफ की ASI सुनीता अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गश्त कर रही थीं। तभी गीता प्रेस बुक स्टाल के पास 9 वर्षीय बालक शिवा संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह बनारस का रहने वाला है और मां की डांट से नाराज होकर घर से भाग आया था। आरपीएफ टीम उसे तत्काल पोस्ट ले आई और महिला कर्मियों की देखरेख में रखा।
इसी बीच कमर्शियल कंट्रोल से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 22426 में एक नाबालिग बच्ची अलीगढ़ से अकेले सफर कर रही है। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंची, हेड कांस्टेबल वंदना पचौरी ने कोच C-4 को अटेंड कर बच्ची को सुरक्षित नीचे उतारा। बच्ची की पहचान एमा नवेद खान (निवासी अलीगढ़) के रूप में हुई। वह भी सुबह बिना बताए घर से निकलकर ट्रेन में सवार हो गई थी।
आरपीएफ ने मामले की जानकारी तत्काल चाइल्ड लाइन को दी। सूचना पाकर कोऑर्डिनेटर प्रतीक धवन, सुपरवाइजर रुबीना, केस वर्कर उमाशंकर और भानु प्रताप सिंह आरपीएफ पोस्ट पहुंचे।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, "दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद उन्हें चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि उन्हें उनके परिजनों से मिलाया जा सके।"
सुरेश राठौर

0 Comments