Hot Posts

6/recent/ticker-posts

गाजीपुर: सिद्धनाथ बाबा धाम में चार माह का महा-अनुष्ठान, हजारों श्रद्धालु कर रहे कथा श्रवण

सिद्धनाथ धाम में 4 माह का भव्य कथा अनुष्ठान शुरू, उमड़ा आस्था का जनसैलाब

उत्तरप्रदेश,गाजीपुर (सोनहरिया, जमानियां)

तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सोनहरिया स्थित प्रसिद्ध 'बन बाबा सिद्धनाथ धाम' के प्रांगण में चार माह तक चलने वाले भव्य कथा व पूजन-अर्चन अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक आयोजन बक्सर धाम के पूज्य संत श्री श्री 1008 गंगा पुत्र त्रिदंडी स्वामी जी महाराज के पावन सानिध्य एवं संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है।


सांप्रदायिक सौहार्द और आस्था का केंद्र है सिद्धनाथ धाम

देशभर में विख्यात इस पावन धाम की अपनी अनूठी पहचान और मान्यता है। परिसर के एक ओर भव्य हिंदू मंदिर है, तो दूसरी ओर पवित्र दरगाह स्थित है। मान्यता है कि दोनों स्थलों पर शीश नवाए बिना श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी नहीं होतीं। इसी आस्था के चलते धाम पर वर्ष भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। इसके साथ ही, तपोभूमि के प्रति अगाध श्रद्धा के कारण स्थानीय लोग इस वन की लकड़ी को न तो काटते हैं और न ही घरों में जलाने के काम लाते हैं।


प्रतिदिन शाम 4 से 6 बजे तक कथा प्रवाह

स्वामी जी के संकल्प के तहत प्रतिदिन शाम 4:00 से 6:00 बजे तक कथा का आयोजन हो रहा है, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालु अमृतवाणी का रसपान कर रहे हैं।

​स्थानीय ग्रामीणों व अभिभावकों का कहना है कि जनपद के इतिहास में चार महीने तक चलने वाला ऐसा विशाल और भव्य धार्मिक आयोजन पहली बार देखने को मिल रहा है। समूचे क्षेत्रवासियों ने इस पावन आयोजन के लिए पूज्य महाराज जी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान कृपाशंकर राय ने उपस्थित सभी साधु-संतों व भक्तजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

ब्यूरो चीफ राम प्रवेश राय 

Post a Comment

0 Comments