Hot Posts

6/recent/ticker-posts

अतिक्रमण हटाने, सफाई और मार्ग प्रकाश दुरुस्त करने के कड़े निर्देश, मलबा फैलाने वालों से वसूला जाएगा यूजर चार्ज

शोभायात्रा मार्ग पर मलबा डाला तो खैर नहीं: नगर निगम चलाएगा अभियान, वसूला जाएगा यूजर चार्ज

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

भगवान श्री झूलेलाल महोत्सव के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को मण्डलायुक्त और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने संयुक्त रूप से रूट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बदहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत, बेहतर सफाई और पर्याप्त पथ-प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।


निरीक्षण ब्रह्म नगर चौराहे से शुरू हुआ, जहां सड़क की स्थिति बेहद खराब मिलने पर अफसरों ने गहरी नाराजगी जताई। मुख्य अभियंता को निर्देश दिए गए कि ट्रैफिक पुलिस से समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन कराएं और शाम से ही प्लांट चलाकर सड़क निर्माण कार्य पूरा कराएं। इसके साथ ही निर्देश दिया गया कि मार्ग पर जहां भी कच्चे पैच लगाए जाएं, वहां रोलर से कॉम्पेक्शन अनिवार्य रूप से किया जाए।


अफसरों का काफिला रामबाग, 80 फीट रोड, भदौरिया चौराहा, जरीब चौकी और पी.रोड होते हुए स्वामी लीला शाह भवन पहुंचा। हरसहाय कॉलेज के पास डाट नाला धंसा मिलने पर सुरक्षा घेरा मजबूत करने और सफाई के विशेष निर्देश दिए गए। मार्ग पर कई जगह मलबे (सीएंडडी वेस्ट) के ढेर मिलने पर नगर आयुक्त ने अभियान चलाकर उसे फौरन उठाने तथा संबंधित भवन स्वामियों व दुकानदारों से यूजर चार्ज वसूलने को कहा।


क्षेत्रीय पार्षद आलोक पाण्डेय की मांग पर शोभायात्रा मार्ग पर नई और अस्थायी लाइटें लगाने के निर्देश मार्ग प्रकाश विभाग को दिए गए। इस दौरान जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मो. जैदी सहित जोनल अधिकारी व श्री झूलेलाल अखंड ज्योति ट्रस्ट के पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ट्रस्ट से लगातार समन्वय बनाकर पूरे रूट का माइक्रो प्लान तैयार करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments