Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सर्विलांस और कल्याणपुर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, होंडा WR-V कार और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त

कल्याणपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: 21 किलो गांजा बरामद, शातिर अंकित सचान समेत दो गिरफ्तार 

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कल्याणपुर थाना पुलिस और पश्चिम जोन की सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक होंडा WR-V कार से अवैध रूप से ले जाया जा रहा 21.709 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।  


पुलिस के अनुसार, आईआईटी चौकी प्रभारी अमित मलिक, उपनिरीक्षक घनश्याम लवानिया, उपनिरीक्षक इतेन्द्र कुमार और सर्विलांस टीम पश्चिम जोन द्वारा एल्डिको बिल्डिंग के पीछे तिराहे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जवाहरपुरम की ओर से आ रही एक संदिग्ध ग्रे रंग की होंडा कार (यूपी 78 एफवाई 0220) को रुकने का इशारा किया गया। कार की तलाशी लेने पर बैग और प्लास्टिक के कंटेनर में रखा गांजा मिला। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।  


सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह और थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान कार से 20.378 किलोग्राम गांजा (खाकी टेप से लिपटे 10 पैकेट) और 1.331 किलोग्राम गांजे की तैयार पुड़िया, कुल 21.709 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों के पास से 5,000 रुपये नकद, एक पीली धातु की अंगूठी, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वीवो का मोबाइल फोन बरामद हुआ है।  

​गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ​अंकित सचान (32 वर्ष) – निवासी ग्राम कैलाई, थाना बरौर, कानपुर देहात।  

​वैभव उर्फ लकी (21 वर्ष) – निवासी मकान नंबर 600, रतनलाल नगर, थाना गोविंद नगर (मूल निवासी: ग्राम माखन निवादा, थाना बिल्हौर, कानपुर नगर) है।

​पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त अंकित सचान एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में बिधूना (औरैया) और कल्याणपुर थानों में आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।  

​कल्याणपुर थाने में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बरामद गांजे को रासायनिक परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।  

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments