सड़कों पर उतरी खाकी: परेड से बांस मंडी तक भारी फोर्स के साथ गश्त, व्यापारियों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों व संवेदनशील इलाकों में पैदल व वाहनों से फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च की शुरुआत परेड ग्राउंड से हुई, जिसके बाद सद्भावना चौराहा, मूलगंज, लाटूश रोड और बांस मंडी चौकी समेत प्रमुख व्यापारिक मार्गों पर पुलिस ने गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने सड़क पर उतरकर व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने आमजन से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने तथा शहर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। फ्लैग मार्च में पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता, पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित सर्किल के एसीपी, संबंधित थानों के प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
सुरेश राठौर


0 Comments