गृहकर पर जोर-जबरदस्ती और गौशाला में अव्यवस्था: जमानियां पालिका अध्यक्ष के खिलाफ लामबंद हुए सभासद
पारदर्शिता ताक पर रखने का आरोप: जमानियां में पालिका अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर भड़के पार्षद
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,जमानियां गाजीपुर
नगर पालिका परिषद जमानियां में गृहकर वसूली और कान्हा गौशाला की बदहाल व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पालिका प्रशासन द्वारा कथित तौर पर मनमाने तरीके से गृहकर वसूले जाने और गौशाला संचालन में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने पालिका अध्यक्ष के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है।
विरोध दर्ज करा रहे पार्षदों का आरोप है कि नगर पालिका जनहित को ताक पर रखकर काम कर रही है। गृहकर वसूली के नाम पर आम नागरिकों पर दबाव बनाया जा रहा है, जिसमें नियमों और पारदर्शिता की खुली अनदेखी की जा रही है। पार्षदों ने दो टूक कहा कि पालिका का दायित्व जनता को राहत देना है, न कि उन्हें प्रताड़ित करना।
इसके साथ ही पार्षदों ने पालिका द्वारा संचालित गौशाला की स्थिति पर भी कड़ा एतराज जताया। उनका कहना है कि गौशाला में चारे-पानी और रखरखाव की स्थिति चिंताजनक है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। पार्षदों के इस कड़े रुख के बाद पालिका प्रशासन बैकफुट पर दिख रहा है और नगर की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अब देखना यह होगा कि पालिका प्रशासन इन गंभीर सवालों पर क्या रुख अपनाता है।
ब्यूरो चीफ रामप्रवेश राय

0 Comments