सोनहरिया वन में त्रिदंडी स्वामी महाराज के सानिध्य में 4 माह के महायज्ञ का शुभारंभ, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,गाजीपुर
जमानियां तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सोनहरिया स्थित हजारों वर्ष पुराने ऐतिहासिक सिद्ध पीठ के जीर्णोद्धार का संकल्प साकार हो रहा है। करीब 30 बीघे के विस्तृत भूभाग में फैले इस प्राचीन वन क्षेत्र में पूज्य त्रिदंडी स्वामी महाराज (बक्सर वाले) के सानिध्य में चार माह तक चलने वाले भव्य महायज्ञ एवं दैनिक कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो गया है। कभी सन्नाटे और घने जंगल के रूप में पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में महाराज श्री के आगमन से भक्ति और आस्था की त्रिवेणी बह निकली है।
इस अनुष्ठान में स्थानीय ग्रामीणों के अलावा देश भर से संतों, धर्माचार्यों और लाखों श्रद्धालुओं का तांता लग रहा है। महाराज श्री के दर्शन-पूजन और आशीर्वाद लेने के लिए राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे भी पहुंचे। इनमें पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय, बक्सर (चौसा) के प्रमुख गुड्डू राय सहित भारतीय जनता पार्टी व विभिन्न दलों के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य जन प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बाबा सिद्धनाथ धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के क्रम में आगामी 28 अक्टूबर को ऐतिहासिक जलभरी कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार इस शोभायात्रा में हाथी, घोड़ों के दल के साथ लाखों की संख्या में श्रद्धालु सहभागिता करेंगे।
यज्ञ समिति की अध्यक्षता कर रहे कृपाशंकर राय ने कहा कि गाजीपुर जनपद और विशेषकर सोनहरिया क्षेत्र के लिए यह परम सौभाग्य का विषय है कि पूज्य त्रिदंडी स्वामी जी का मार्गदर्शन इस भूमि को मिला है, जिससे जन-जन में धर्म व संस्कार की नई चेतना जागृत हुई है। घने और बीहड़ वन क्षेत्र में इतने विशाल धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन से समूचे पूर्वांचल में उत्साह का माहौल है।
ब्यूरो चीफ रामप्रवेश राय


0 Comments