कानपुर सेंट्रल पर दबोचा गया शराब तस्कर: हरियाणा से लाकर बिहार खपाने की थी तैयारी, 50 हजार की शराब बरामद
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी के पास से करीब 50 हजार रुपये से अधिक मूल्य की 12.75 लीटर गैर-प्रांत अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।रेलवे पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ट्रेनों और रेलवे परिक्षेत्र में चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार दोपहर करीब 12:40 बजे जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में टीम हैरिसगंज पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते (पावर हाउस के पास) पर चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को ट्रॉली बैग के साथ रोका गया। तलाशी लेने पर बैग से 'रॉयल ग्रीन क्लासिक' की 15 बोतलें और 'रॉयल स्टैग प्रीमियर' की 2 बोतलें (सभी 750 मिलीलीटर) गैर-प्रांत अंग्रेजी अवैध शराब बरामद हुईं।पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम रंजीत कुमार (उम्र करीब 40 वर्ष), पुत्र महेश शर्मा, निवासी ग्राम पंचमहला, थाना टिकारी, जनपद गया (बिहार) बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी यह शराब हरियाणा से लेकर आया था और ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
जीआरपी थाना कानपुर सेन्ट्रल में अभियुक्त के खिलाफ धारा 63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और आरोपी के आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है।
सुरेश राठौर

0 Comments