Hot Posts

6/recent/ticker-posts

शहर की बदहाली पर नगर आयुक्त की दो टूक—विजयनगर सड़क व नाले का काम फौरन शुरू कराएं, पनकी को जलभराव से दिलाएं मुक्ति

फील्ड में उतरे नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय: जर्जर सड़कें, चोक सीवर और बदहाल सामुदायिक केंद्र देखकर अफसरों को फटकारा

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

कानपुर नगर निगम के नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को जोन-5 और 6 के अंतर्गत विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हैलट अस्पताल, नरेंद्र मोहन सेतु, जेके मंदिर, लाजपत नगर, मरियमपुर, चैन फैक्ट्री, सिंधी कॉलोनी, विजयनगर और अरमापुर क्षेत्रों का भ्रमण किया। विजयनगर से डबल पुलिया तक सड़क की जर्जर हालत देखकर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के स्वामित्व में होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता को विजयनगर से नमक फैक्ट्री चौराहे तक तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।


वार्ड-33 (विजयनगर) के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद घनश्याम गुप्ता ने ब्लॉक 215 से 218 कपड़ा मंडी के पीछे टूटे पड़े मुख्य नाले का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र की जल निकासी इसी नाले से होकर रफाका नाले में जाती है। इस पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि तत्काल पत्रावली स्वीकृत कराकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाए और 15 दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।


सब्जी मंडी चौराहे पर सर्विस लेन में कूड़े के अंबार और सीवर-पेयजल लाइनों की बदहाली को देखते हुए नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 20 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती का प्रस्ताव तुरंत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सब्जी मंडी चौराहे पर सड़क और फुटपाथ के असंतुलन को ठीक करने तथा प्लॉट संख्या 10 के सामने फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने का आदेश दिया गया।


अंबेडकर नगर स्थित सामुदायिक केंद्र की खस्ताहाली पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। केंद्र में 14 बच्चों की पढ़ाई के बावजूद बिजली, शौचालय और छत टपकने जैसी अव्यवस्थाओं पर जोनल अभियंता को शाम तक जीर्णोद्धार की कार्ययोजना पेश करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शुद्ध पेयजल के लिए बाहर वाटर कूलर लगाने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया। वहीं, 20 सीटों वाले बदहाल सामुदायिक शौचालय को 'स्वच्छ भारत मिशन' के तहत दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।


वार्ड-57 (पनकी स्वराज नगर) के निरीक्षण में क्षेत्रीय पार्षद आरती त्रिपाठी ने पनकी एमआईजी तिराहे से पनकी बाजार तक सड़क चौड़ीकरण और एलनहाउस व श्रीराम कॉलेज के पास जलभराव का मुद्दा उठाया। नगर आयुक्त ने मार्ग में बाधक बन रहे केस्को के खंभों को हटाने के लिए बिजली विभाग से वार्ता कर एस्टीमेट और कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। वहीं, पनकी क्षेत्र के जलभराव को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से संपवेल व पाइपलाइन डालकर पानी को पांडु नदी तक पहुंचाने की डीपीआर पर तेजी से काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्राधिकरण स्तर पर देरी हो, तो नगर निगम अपने स्तर से सर्वे कराकर समाधान सुनिश्चित करे।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments