आईआईटी से गोल चौराहा तक बनेगी सीसी सड़क, जल निकासी की भी होगी व्यवस्था; गडकरी ने दिए तत्काल निर्देश
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कानपुर शहर को जाम के झाम से मुक्ति दिलाने और प्रमुख सड़कों के कायाकल्प को लेकर बुधवार को महापौर ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस उच्चस्तरीय बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, प्रस्तावित एलिवेटेड पुलों और निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
महापौर ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष आईआईटी कल्याणपुर से गोल चौराहा तक जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) के पुख्ता इंतजाम के साथ मजबूत सीसी सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा। सड़क की उपयोगिता और मौजूदा समस्याओं को देखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस पर संबंधित अधिकारियों को अविलंब कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
शहर के यातायात को रफ्तार देने के लिए महापौर ने माल रोड नरौना चौराहा से घंटाघर व टाटमिल चौराहा होते हुए किदवई नगर (साउथ एक्स मॉल) तक 6-लेन उपरिगामी (एलिवेटेड) सेतु निर्माण की मांग उठाई। इस पर केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि यद्यपि यह खंड सीधे तौर पर उनके मंत्रालय के अधीन नहीं आता, लेकिन टाटमिल चौराहा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है। चूंकि जीटी रोड एलिवेटेड का कार्य जल्द शुरू होने वाला है, इसलिए इस पूरे रूट को कनेक्टिविटी के दायरे में लाकर समाधान तलाशने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने महापौर को शहर से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे से शहर को जोड़ने और नौबस्ता से सागर (मध्य प्रदेश) तक एक नए आधुनिक हाईवे के निर्माण का कार्य शीघ्र धरातल पर उतरेगा। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने महापौर से कानपुर में बन रहे रिंग रोड के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने और काम में तेजी लाकर इसे समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का आग्रह किया, ताकि शहरवासियों को इसका उद्घाटन कर जल्द से जल्द भीषण जाम से राहत दिलाई जा सके।
सुरेश राठौर

0 Comments