पांडु नदी के उफान से बिगड़े हालात, महापौर प्रमिला पाण्डेय ने किया स्थलीय निरीक्षण
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
महानगर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पांडु नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने से पनकी और सुंदर नगर क्षेत्र में जल निकासी ठप हो गई है, जिससे चारों तरफ भीषण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात का जायजा लेने के लिए रविवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरीं और प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने देखा कि पांडु नदी के उफान पर होने की वजह से नालों का बैकफ्लो हो रहा है और पानी की निकासी पूरी तरह बाधित है। नतीजतन, बस्तियों और मुख्य सड़कों पर कई फीट पानी भर गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।हालात की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग और जलकल विभाग की टीमों को पंपिंग सेट और आवश्यक संसाधनों के साथ तत्काल राहत कार्य में लगाया गया है। महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कार्यस्थल छोड़कर न जाए और चौबीसों घंटे मौके पर डटकर जल निकासी सुनिश्चित करे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे और प्राथमिकता के आधार पर नागरिकों को जलभराव से जल्द से जल्द राहत दिलाई जाए।
सुरेश राठौर



0 Comments