Hot Posts

6/recent/ticker-posts

लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: 318 मार्गों के टेंडर जारी, अफसरों को छठ घाटों के सौंदर्यीकरण का जिम्मा

त्योहारों से पहले चकाचक होंगी सड़कें, जलेंगी 20 हजार खराब स्ट्रीट लाइटें,​कूड़ा डंपिंग प्वाइंट्स (GVP) की जगह बनेंगे चबूतरे

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

आगामी त्योहारों—नवरात्रि, दुर्गापूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा—के मद्देनजर कानपुर नगर निगम ने शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में मार्ग प्रकाश, स्वास्थ्य और अभियंत्रण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों से पहले शहर की सड़कें गड्ढामुक्त हों, खराब स्ट्रीट लाइटें जलें और मुख्य मार्गों पर उच्चस्तरीय सफाई व्यवस्था दिखे।​समीक्षा में सामने आया कि बरसात और कार्बन जमने के कारण शहर में करीब 20,000 प्रकाश बिंदु (स्ट्रीट लाइटें) खराब हैं। नगर आयुक्त ने इनके तत्काल सुधार के लिए कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। खराब लाइटों की मरम्मत के लिए अतिरिक्त टीमें तैनात की जाएंगी और त्वरित आवागमन के लिए टीमों को ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि आगामी पर्वों से पहले शहर रोशनी से जगमगा उठे।


​नगर आयुक्त ने अभियंत्रण विभाग को निर्देश दिया कि बारिश लगभग थम चुकी है, इसलिए अगले 10 दिनों के भीतर सभी पैच मरम्मत के कार्य पूरे कर शहर को गड्ढामुक्त किया जाए। नगर निगम सीमा के अंतर्गत 318 क्षतिग्रस्त मार्गों के सुधार कार्य के टेंडर की प्रगति जांची गई और शेष टूटी सड़कों का तत्काल सर्वे कर टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए।​जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सख्त हिदायत दी कि मिलिंग मशीन से पूरी सड़क एक साथ न खोदी जाए। पहले 50-50 मीटर के पैच में खुदाई कर काम पूरा किया जाए, उसके बाद ही आगे का हिस्सा खोदा जाए। इसके अतिरिक्त सभी जोनों में छठ पूजा स्थलों के सौंदर्यीकरण व निर्माण कार्यों की सूची बनाकर समयबद्ध कार्य पूरा करने को कहा गया।

​‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शहर के सभी गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) को पूरी तरह समाप्त करने की योजना बनाई गई है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों से कूड़ाघर हटाए जा रहे हैं, वहां दोबारा कचरा न जमा हो, इसके लिए वहां चबूतरे, कंस्ट्रक्शन एंड डिमॉल्यूशन (सीएंडडी) वेस्ट से बनी बेंचे और गमले रखकर सौंदर्यीकरण किया जाए।​मुख्य मार्गों की वैज्ञानिक तरीके से सफाई के लिए रोड स्वीपिंग मशीनों का अनिवार्य रूट चार्ट तैयार करने और जोनल स्वच्छता अधिकारियों को इसकी दैनिक निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जोनों में संचालित 66 पीसीटीएस (कूड़ा ट्रांसफर स्टेशनों) के कार्यों की भी नियमित मॉनिटरिंग के आदेश दिए गए।​बैठक में अपर नगर आयुक्त (प्रथम/द्वितीय) सहित सभी जोनल अभियंता और जोनल स्वच्छता अधिकारी उपस्थित रहे।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments