जमानिया के काली माता मंदिर में चोरी के बाद भड़के लोग, पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग
काली माता मंदिर से एक कुंतल वजनी घंटे व जेवरात चोरी
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,जमानिया गाजीपुर
नगर क्षेत्र के मोहल्ला हरपुर स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर से माता के सोने के जेवरात, एक कुंतल से अधिक वजन के घंटे और दानपेटी में रखी नकदी समेट ले गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से मंदिर को निशाना बनाया। वे मंदिर परिसर में लगे पांच बड़े पीतल के घंटे खोल ले गए, जिनका कुल वजन एक कुंतल से अधिक आंका जा रहा है। इसके साथ ही गर्भगृह में स्थापित माता की प्रतिमा से सोने का मांग टीका, नथुनी, मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए गए। दुस्साहसी चोरों ने मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें जमा पूरी धनराशि भी पार कर दी।
धार्मिक स्थल पर हुई इस बड़ी वारदात से स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीखी नाराजगी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह मंदिर क्षेत्र की गहरी आस्था का केंद्र है और इस घटना से जनभावनाएं आहत हुई हैं। आक्रोशित नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर अज्ञात चोरों को तत्काल गिरफ्तार करने, चोरी गया सामान बरामद करने तथा नगर के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा चाक-चौबंद करने की मांग की है।
ब्यूरो चीफ रामप्रवेश राय
0 Comments