कानपुर पुलिस का मानवीय चेहरा: ‘May I Help You’ जैकेट के साथ सड़कों पर उतरे मददगार
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कानपुर शहर की पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को पाटने और खाकी के प्रति विश्वास को मजबूत करने के लिए कानपुर पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देश पर शुक्रवार को शहर के सबसे व्यस्त घंटाघर चौराहे से एक विशेष अभियान का आगाज किया गया। इस अभियान के तहत अब पुलिसकर्मी “May I Help You” लिखी विशेष जैकेट पहनकर सार्वजनिक स्थलों पर तैनात नजर आएंगे।
कानपुर पुलिस का नया अवतार: अब 'May I Help You' जैकेट में दिखेगी मित्र पुलिस
अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके शुभारंभ के अवसर पर पुलिस उपायुक्त (लाइन्स) शिवा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अंजली विश्वकर्मा और प्रशिक्षु आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वयं पुलिसकर्मियों को जैकेट पहनाई और उन्हें जनता के प्रति संवेदनशील, शालीन और सहायक व्यवहार करने की शपथ दिलाई।
अक्सर देखा जाता है कि अन्य जिलों या राज्यों से आने वाले यात्री रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर रास्ता भटक जाते हैं या जानकारी के अभाव में परेशान होते हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह जैकेट पुलिसकर्मियों को भीड़ में एक विशिष्ट पहचान देगी।बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और अनजान राहगीर बिना किसी डर या संकोच के पुलिस से संपर्क कर सकेंगे।
सड़क पर चलती-फिरती यह 'हेल्प डेस्क' न केवल मार्ग दिखाएगी, बल्कि आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षा भी प्रदान करेगी।
एसीपी कलक्टरगंज और अनवरगंज ने बताया कि इस पहल का दोहरा लाभ होगा। एक ओर जहां पुलिस की स्पष्ट मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में भय पैदा होगा, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव जागेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सामान गुम होने की स्थिति में ये विशेष दस्ते त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
कानपुर पुलिस की इस पहल की शहरवासियों द्वारा सराहना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस अभियान का विस्तार शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में भी किया जाएगा।
सुरेश राठौर


0 Comments